एंटरटेनमेंट

‘बॉर्डर 2’ के गीत ‘घर कब आओगे’ का टीजर रिलीज, जानिए कब आएगा पूरा गाना

फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के बहुप्रतीक्षित गीत ‘घर कब आओगे’ का टीजर जारी कर दिया गया है। यह गीत आइकॉनिक देशभक्ति गीत ‘संदेसे आते हैं’ का नया वर्जन है, जिसे इस बार नए अंदाज़ में पेश किया जा रहा है।

चार गायकों ने दी है आवाज

टीजर में गीत से जुड़े कलाकारों की जानकारी भी साझा की गई है। जावेद अख्तर द्वारा लिखे गए मूल गीत ‘संदेसे आते हैं’ के इस नए संस्करण को मनोज मुंतशिर ने लिखा है, जबकि इसका संगीत मिथुन ने तैयार किया है। पहले इस गीत को सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने अपनी आवाज दी थी, लेकिन इस बार इसे और भव्य बनाने के लिए चार गायकों को शामिल किया गया है।

इस गीत को सोनू निगम, अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा ने गाया है। टीजर के अंत में चारों गायकों की भावनात्मक आवाज़ सुनने को मिलती है। ‘घर कब आओगे’ शीर्षक वाला यह गीत 2 जनवरी को पूरी तरह रिलीज किया जाएगा।

23 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी ‘बॉर्डर 2’

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम किरदार निभा रही हैं।

देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म का टीजर कुछ दिन पहले ही रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों के दिलों में कितना असर छोड़ पाती है।